हरदोई। संडीला कोतवाली क्षेत्र में हरदोई-लखनऊ मार्ग पर तहसील के पास एक बाइक बेकाबू होकर गिर गई। हादसे में बाइक पर सवार तीन भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में एक की मौत हो गई। तीनों बहन के घर में भांजे के मुंडन में शामिल होने गए थे।
बघौली थाना क्षेत्र के रानीखेड़ा निवासी सीटू (20) मजदूरी करता था। अपने चचेरे भाई दिनेश और नीरज के साथ बाइक से शनिवार को अपनी चचेरी बहन सुधा के बेटे के मुंडन संस्कार में शामिल होने संडीला गया था। देर रात तीनों बाइक से वापस अपने गांव जा रहे थे। संडीला कोतवाली क्षेत्र में तहसील के पास सड़क पर बाइक फिसल गई।
घटना में बाइक सवार सीटू, दिनेश और नीरज घायल हो गए। जानकारी पर पहुंचे परिजन तीनों को एक प्राइवेट अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टर ने तीनों की हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी। परिजन तीनों को लेकर जिला अस्पताल जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही सीटू की मौत हो गई।
घटना की जानकारी परिजनों ने बघौली पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।