सड़क हादसे के बाद घटनास्थल पर लगी भीड़
- फोटो : amarujala
बावन (हरदोई)। थाना क्षेत्र के बहोरवापुरवा गांव के पास सोमवार को बाइक सवार युवक सामने से आ रहे दूसरे बाइक सवार से टकराने के बाद पीछे से आ रही रोडवेज बस की चपेट में आ गया। हेलमेट नहीं लगाए होने की वजह से उसके सिर में गंभीर चोटें आई। पैर भी टूट गया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से लखनऊ रेफर कर दिया गया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतक बाइक मिस्त्री था।
सवायजपुर निवासी बाइक मिस्त्री सुमित शर्मा (20) की कस्बे में स्थित पुलिस चौकी के पास दुकान है। सोमवार दोपहर लगभग 12 बजे वह बाइक से हरदोई जा रहा था। बहोरवापुरवा के पास उसकी बाइक सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। सुमित की बेकाबू हुई बाइक पीछे से आ रही रोडवेज बस के पिछले हिस्से से टकरा गई। इस हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई और दोनों पैर टूट गया। हादसे के बाद दूसरी बाइक का चालक भाग निकला।
आसपास मौजूद लोगों ने बस चालक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां से उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में सुमित ने दम तोड़ दिया। आसपास मौजूद लोगों ने बताया सुमित हेलमेट नहीं लगाए था। सिर में गंभीर चोट लगने से वह बोल नहीं पा रहा था।