थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानोें पर हुई मार्ग
दुर्घटनाओं मेें एक 14 वर्षीय छात्र की मौत हो गई तो दूसरी ओर महिला टीचर
घायल हो गई। घायल टीचर को लखनऊ रेफर किया गया।
ग्राम चौसठपुर निवासी
रामदेव का पुत्र अंकित (14) गुरुवार को साइकिल से अपने मामा नरेंद्र निवासी
अख्तियारपुर बिलग्राम के यहां गया था। शाम को वह साइकिल से वापस अपने घर आ
रहा था, तभी रास्ते में कटरा-बिल्हौर हाईवे पर सखेड़ा गांव के पास एक तेज
रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे अंकित की मौके पर मौत हो गई।
अंकित
कक्षा 8 का छात्र था। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों का कोहराम मच गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की और शव का पंचनामा भर
पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस बाइक सवार का सुराग लगाने को
लोगों से पूछताछ कर रही है।
उधर, सांडी कस्बा निवासी महिला टीचर शहनाज
हुसैन (50) अपने पुत्र के साथ बाइक से स्कूल जा रही थी। रास्ते में आवारा
जानवर से टकराकर बाइक बेकाबू होकर पलट गई, जिससे महिला टीचर सड़क पर जा
गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि बाइक चला रहे उनके पुत्र को भी
चोटें आई हैं। टीचर को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत
गंभीर देख कर चिकित्सक ने इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया।