हरदोई। सकाहा स्थित श्री शिव संकट हरण मंदिर में गंगा जल से अभिषेक कर लौट रहे कांवड़ियों की बाइक छुट्टा मवेशी से बचने की कोशिश में पुलिया से टकरा गई। घटना में घायल हुए बाइक सवार तीनों कांवड़ियों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां एक कांवड़िये को मृत घोषित कर दिया गया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के इंदिरा नगर कालोनी निवासी विकास गुप्ता (22) लखनऊ रोड पर नवीन फल एवं सब्जी मंडी के बाहर फलों का ठेला लगाता था। इंदिरा नगर मोहल्ले से बड़ी संख्या में युवक रविवार को कांवड़ लेने मेहंदीघाट गए थे। लौटते समय सकाहा के शिव मंदिर में जलाभिषेक करने के बाद विकास गुप्ता अपने साथियों ललित गुप्ता (18) और शोभित (25) के साथ बाइक से हरदोई आ रहा था। हरदोई शाहजहांपुर मार्ग पर गुलामऊ पुलिया के पास अचानक सड़क पर मवेशी आ गया। मवेशी बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। घटना में तीनों बाइक सवार घायल हो गए।