सपा पिछड़ा वर्ग के सम्मेलन को संबोधित करते सांसद नरेश अग्रवाल।
- फोटो : अमर उजाला
हरदोई। सरवन देवी मंदिर प्रांगण में रविवार को सपा सदर विधानसभा क्षेत्र का पिछड़ा वर्ग का सम्मेलन हुई। जिसे संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद नरेश अग्रवाल ने कहा कि मोदी ने बड़े नोट बंद कर गरीब जनता के पेट पर लात मारी है। उन्होंने भाजपा पर हमला करते हुए बोला कि जिस भाजपा का नारा इटिंग, मीटिंग और चीटिंग हो वह जनता का क्या भला करेगी। ऐसी भाजपा की हरदोई से जड़े मैंने ही उखाड़ी हैं। आरोप लगाया कि जो मोदी पत्नी और भाई का नहीं हुआ वह तुम्हारा क्या होगा। तुम्हारे लिए मोदी मैं ही हूं। 35 साल से जनता की सेवा कर रहा हूं।
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को निशाने पर लेते हुए कहा कि मोदी जी बताएं नोट बैन करने के बाद कोई एमएलए, एमपी या अफसर लाइन में लगा है। लाइन में तो गरीब आदमी को लगना पड़ रहा है। मोदी ने पूरे देश को लाइन में लगा दिया और खुद जापान घूमने चले गए, वहां से धमकी दे रहे हैं। ये है भारतीय जनता पार्टी। बड़े नोट बंद करने के मोदी के तुगलकी फरमान का सपा संसद में पहले दिन से ही विरोध करेगी। प्रदेश सरकार का गुणगान करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश में सबसे ज्यादा विकास किया है।
जनता अखिलेश को ही चुनेगी। आने वाले दस सालों मेें मोदी को राष्ट्रीय स्तर पर अखिलेश ही चुनौती देंगे। मायावती अपने प्रत्याशियों को पुराने नोट लौटाकर नए मांग रही हैं। जब-जब मुख्यमंत्री को बुलाया 400-500 करोड़ की विकास योजनाएं दिलाईं। भाजपा के नेता मोदी को बुलाकर कोई योजना या विकास का पैसा दिला दें। मैं आप से अपील करने आया हूं कि नितिन और सपा को भारी मतों से जिताओ। सभा को राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभारी नितिन अग्रवाल ने भी संबोधित किया। उन्होंने अपने काम गिनाकर लोगों से अगले चुनाव में फिर स्नेह और आशीर्वाद मांगा।
नरेश ने जनता से कहा कि आप लोगों के प्यार के कारण बड़ा नेता नहीं बन पा रहा हूं। 35 साल से चुनाव जीतकर काम करता आ रहा हूं। फिर भी चुनाव में वोट मांगने के लिए विपक्षी नेताओं के बराबर दौरा करना पड़ता है। अगर आप लोग आज आश्वासन दो और कहो मैं नितिन को जिता दूंगा, आपको नहीं आना पड़ेगा तो मैं प्रदेश के जिलों में जाकर सपा को जिताने का काम करूंगा। तब बड़ा नेता बन जाऊंगा।
भाजपा के पास तो अपनी पार्टी में प्रत्याशी ही नहीं है। पहलवान ढूंढे जा रहे हैं। मल्लावां, सवायजपुर में बाहर से प्रत्याशी लिए। संडीला में ठाकुर साहब को ले आए,, बालामऊ में सुना रामपाल को ज्वाइन करा रहे हैं, हरदोई में भी कोई बाहर से ही आएगा। जिस पार्टी के पास प्रत्याशी ही नहीं वह पार्टी कितनी मजबूत है, आप लोक स्वयं अंदाजा लगाएं।
नरेश अग्रवाल ने पिछड़ों को आस्थावान बताते हुए कहा कि आप लोग सरवन देवी मंदिर में आए तो यहां से संकल्प लेकर जाओ कि नितिन को जिताआगे। बताओ जिताओगे की नहीं, इस पर लोगों हाथ उठाकर नितिन अग्रवाल को सदर विधानसभा क्षेत्र से जिताने का आश्वासन दिया।