जिले में आधी-अधूरी तैयारियों के बीच गुरुवार से बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा शुरू होंगी। कई केंद्रों पर फर्नीचर न होने पर परीक्षार्थियों को जमीन पर बैठकर परीक्षा देनी पड़ेगी।
पिहानी स्थित राजकीय बालिका इंटर कालेज में हामिद अली इंटर कालेज के 440 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। केंद्र व्यवस्थापक भी शाम छह बजे तक केंद्र पर नहीं पहुंची थीं। बैठने के लिए केवल दो कक्षों में बेंच और शेष में टाट पटटी की व्यवस्था की गई है। पिछले कई वर्ष से यहां बिजली कनेक्शन कटा हुआ है।
इधर,निर्मला सिंह इंटर कालेज लेहना में केवल एक सौ बालिकाएं परीक्षा देंगी। यहां पर भी पर्याप्त स्टाफ न होने से व्यवस्थापक असमंजस का शिकार हैं। एसएसएस इंटर कालेज मझिया में भी दरकार कक्ष निरीक्षक नहीं मिल सके। यहां निर्मला सिंह इंटर कालेज लेहना नेवादा व कालेज की बालिकाओं समेत हाईस्कूल व इंटरमीडिएट में कुल 555 बालक बालिकाएं परीक्षा देंगी। कस्बे में स्थित भारतीय इंटर कालेज में हामिद अली इंटर कालेज की तकरीबन 100 बालिकाएं परीक्षा देंगी।