हरदोई। ऑपरेशन सिंदूर के बाद सैनिकों को सम्मान देने के लिए रेलवे ने भी अपनी ओर से एक पहल की है। प्लेटफार्म पर दो बेंचों को सैनिकों के लिए आरक्षित किया गया है। उच्चाधिकारियों से मिले निर्देश के बाद हरदोई रेलवे स्टेशन के सभी प्लेटफार्म की दो बेंचों को रंगरोगन कर सैनिक सम्मान नाम दिया गया है।
पहलगाम हमले का बदला लेने पर पूरे देश को सैनिकों पर गर्व है। सैनिकों की बहादुरी को सलामी देने के उद्देश्य से रेलवे ने प्लेटफार्म पर दो यात्री बेंचों को सैनिकों के लिए आरक्षित करने का फैसला किया है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर हरदोई रेलवे स्टेशन पर भी दो बेंचों को आरक्षित किया गया।
हरदोई स्टेशन पर पांच प्लेटफार्म हैं। इनमें एक नंबर प्लेटफार्म पर इन दिनों काम चल रहा है। ऐसे में बेंचों की संख्या आठ के करीब है, लेकिन अन्य प्लेटफार्माें पर 10 से 15 बेंच पड़ी हैं। इनमें दो बेंचों को सेना के रंग से पुताई करवाकर उन बेंचों को सैनिक सम्मान नाम दिया गया है। सीएमआई अंबुज मिश्रा ने बताया कि अधिकारियों के निर्देश पर बेंचों को रंगरोगन करवाकर सैनिकों के लिए आरक्षित कर दिया गया है।