हरदोई। भरावन और संडीला के खंड विकास अधिकारी राजीव कुमार गुप्ता को अनुशासनहीनता के मामले में सीडीओ आकांक्षा राना ने कठोर चेतावनी जारी की है।
सीडीओ ने जून में निर्देश दिए थे कि सभी बीडीओ सप्ताह में कम से कम दो-दो कार्यों का निरीक्षण करेंगे और साप्ताहिक बैठक भी करेंगे। निरीक्षण आख्या और साप्ताहिक बैठक की रिपोर्ट सीडीओ को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए थे। नवंबर और दिसंबर में राजीव कुमार गुप्ता ने भरावन की बैठकों की कार्रवाई और निरीक्षण आख्या सीडीओ कार्यालय को नहीं भेजी।
सीडीओ कार्यालय से कई बार फोन कर राजीव गुप्ता से आख्या भेजने के लिए भी कहा गया। इसके बाद उन्हें नोटिस जारी कर चेतावनी भी दी गई, लेकिन फिर भी कार्यशैली में कोई सुधार नहीं आया। सीडीओ आकांक्षा राना ने स्पष्ट कहा है कि राजीव कुमार गुप्ता उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी करने के आदी हैं।
आवेदन लंबित होने पर बीडीओ टड़ियावां को चेताया
सीडीओ आकांक्षा राना ने टड़ियावां की बीडीओ ऊषा देवी को भी चेतावनी जारी की है। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना समेत जन कल्याण की कई योजनाओं के आवेदन लंबित रखने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई है। बीडीओ ऊषा देवी के कार्यालय में सुुमंगला योजना के 180, शादी अनुदान के 393 और वृद्धा वस्था पेंशन के 290 आवेदन लंबित हैं। आवेदन लंबित होने के कारण पात्रों को लाभ नहीं मिल पा रहा है। एक सप्ताह में आवेदन निस्तारित करने और भविष्य में आवेदन लंबित रखने पर प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने की चेतावनी भी दी गई है।