संडीला। ब्लॉक क्षेत्र के शिवनगरा गांव की राशन दुकान का गलत तरीके से चयन का आरोप लगा किसान यूनियन ने शनिवार को बीडीओ सहित ब्लॉक के कर्मचारियों को बंधक बना लिया। शाम पांच बजे तक गेट पर प्रदर्शनकारियों का ताला पड़ा था।
किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष कदीर पहलवान की अगुवाई में ग्रामीण नारेबाजी करते इमलियाबाग चौराहे से बस स्टैंड होते हुए ब्लाक पहुंचे। ब्लॉक के गेट में ताला लगाकर बीडीओ सहित सभी अधिकारियों को अंदर बंद कर दिया। शाम पांच बजे तक कर्मचारी बंधक रहे। कदीर पहलवान का कहना था कि शिवनगरा के कोटेदार का चयन खुली बैठक कर नहीं किया गया है। उसे रद्द कर नियमानुसार चयन कराया जाए।
इसके अलावा भिठौनी ग्राम पंचायत अधिकारी राजेश गुप्ता को तत्काल हटाया जाए। ब्लाक के सभी ग्रामपंचायतों के खाते चालू कराने के साथ खराब हैंडपंप ठीक कराए जाएं। ब्लाक में पहुंचने वाली शिकायतों का तत्काल निस्तारण हो। प्रदर्शन में नौशाद अली जिला पंचायत सदस्य, भाकियू के ब्लाक अध्यक्ष आशीष कुमार गौतम , प्रचार मंत्री भन्नू माली आदि रहे।