हरदोई। राजकीय महाविद्यालय परिसर प्रांगण में चल रहे श्रीशचंद्र मेमोरियल प्रादेशिक हॉकी टूर्नामेंट के दूसरे दिन सोमवार को चार मैचों में आठ जिलों की टीमों ने अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसमें हरदोई, बरेली व गोला को जीत मिली, कानपुर व शाहजहांपुर की टीमों को हार का सामना करना पड़ा।
टूर्नामेंट के दूसरे दिन पहला मैच बाराबंकी व बरेली के बीच खेला गया। इसमें बरेली ने पहले से ही प्रतिद्वंद्वी टीम पर दबाव बना लिया। बरेली की ओर से चार गोल दागे गए जबकि बाराबंकी की ओर से एक गोल ही किया जा सका। बरेली को 4-1 से विजयी घोषित किया गया। दूसरा मैच बहराइच व शाहजहांपुर के बीच खेला गया, जिसमें बहराइच 1-0 विजयी रहा।
तीसरा मैच गोला व कानपुर ग्रीन पार्क के मध्य हुआ, जिसमें गोला की ओर से टीम ने दो एवं कानपुर ग्रीन पार्क की ओर एक गोल किया गया। गोला 2-1 से विजयी हुआ। चौथा मैच श्रीश्चंद्र एकाडमी हरदोई व रायबरेली के मध्य खेला गया। जिसमें हरदोई 1-0 से विजयी रहा। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, यस अग्रवाल, योगेंद्र दत्त मिश्रा, अजय प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे। टीम मैनेजर अजय प्रताप सिंह ने बताया कि तीन दिसंबर से क्वार्टर फाइनल खेले जाएंगे।