हरदोई। उत्तर प्रदेश बार कौंसिल के लिए दूसरे चरण का मतदान मंगलवार को हुआ। मंगलवार को 848 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। बुधवार को भी सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा।
बार कौंसिल के चुनाव के लिए दीवानी न्यायालय परिसर स्थित 10 कक्षीय भवन के सभागार में 10 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। मतदान केंद्र के अंदर जाने के लिए एक द्वार बनाया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल की व्यापक व्यवस्था है। मेटल डिटेक्टर व गहन जांच के बाद ही मतदान केंद्र के अंदर प्रवेश दिया जा रहा है। जिले के चुनाव नोडल अधिकारी एडीजे मनमोहन सिंह स्वयं मतदान केंद्र के द्वार व स्थल पर मौजूद रहकर व्यवस्था की देखरेख करते रहे। मौसम के चलते पहले दिन सुबह मतदान की गति धीमी रही। दोपहर बाद अधिवक्ताओं की लंबी कतार देखी गई। मुख्यालय सहित चारों तहसीलों के अधिवक्ताओं के लिए मतदान स्थल दीवानी न्यायालय परिसर में स्थित 10 कक्षीय भवन में बनाया गया है।
जनपद में 2233 मतदाता हैं। मंगलवार को पहले दिन 848 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
खास बात यह कि जिले से अधिक से अधिक प्रथम वरीयता के मत को पाने के लिए बार कौंसिल के सदस्य अजय शुक्ला, प्रशांत सिंह अटल, परेश मिश्रा, हरिशंकर सिंह,अंकज मिश्रा,अखिलेश अवस्थी, परिसर में समर्थन मांगते रहे। वहीं जिले के निवासी प्रत्याशी रोहित श्रीवास्तव,अंशू सिंह(वर्तमान में हाईकोर्ट लखनऊ) अपने समर्थकों के साथ अपने हाथों में नाम का पोस्टर लेकर वोट मांग रहे थे।
चार चरणों में होना है मतदान
प्रदेश के दो लाख 49 हजार 808 अधिवक्ता प्रदेश बार कौंसिल के चुनाव में मतदाता हैं। यह मतदाता 25 सदस्यों का चुनाव करेंगे। पहले चरण का चुनाव 16 व 17 जनवरी को हो चुका है। तीसरे चरण का चुनाव 27 व 28 जनवरी व चौथे व अंतिम चरण का मतदान 30 व 31 जनवरी को होना है।