जिले के ग्रामीण क्षेत्रोें में बैंकों द्वारा नई
शाखाएं खोलने के प्रति कोताही की जा रही है। फरवरी 13 में आरबीआई के
निर्देशानुसार जिले में बैंकवार 110 नई शाखाएं गांवों में खोलने का लक्ष्य
दिया गया था, जिसके क्रम में जिले के 110 गांवों में मार्च 14 तक बैंक
शाखाएं खोलने का लक्ष्य दिया गया था, पर मार्च 14 तक तो लक्ष्य पूरा करना
दूर अब मार्च 15 आने का समय हो गया है और लक्ष्य के अनुसार शत प्रतिशत
शाखाएं खुलना तो दूर 50 प्रतिशत भी शाखाएं नहीं खुल सकी हैं।
निजी
क्षेत्र की बैंक एचडीएफसी, एक्सिस, आईसीआईसीआई, कोटक महेंद्रा, आईएनजी
वैश्या बैंक ने अभी तक लक्ष्य के अनुसार आवंटित गांवों में किसी भी गांव
में शाखा खोलने की सूचना प्रशासन को नहीं दी है। बैंकर्स समिति अध्यक्ष एवं
डीएम रमेश मिश्रा ने इस ओर एलडीएम को जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए है।
ज्ञात हो कि रिजर्व बैंक द्वारा गांव-गांव बैंकिंग सेवाएं पहुंचाने के साथ
ग्रामीणों को आधुनिक तकनीक से बैंकिंग सेवाएं मुहैया कराने के उद्देश्य से
निजी एवं सरकारी क्षेत्र की बैंकों को प्रदेश में करीब 3000 बैंक शाखाएं
मार्च 14 तक खोलने के निर्देश दिए थे।
जिसके क्रम में हरदोई के ग्रामीण
क्षेत्रों में भी करीब 110 बैंक शाखाएं खोले जाने का लक्ष्य दिया गया था। इसके
लिए सरकारी बैंकों के साथ निजी क्षेत्र की बैंकों को भी गांवों का आवंटन
कर बैंक शाखाएं खोलने के निर्देश दिए गए थे, पर अभी तक निजी क्षेत्र की
किसी बैंक ने लक्ष्य के अनुसार एक भी बैंक शाखा गांव में नहीं खोली है।
इसके साथ ही सरकारी बैंकों द्वारा भी उदासीनता बरती जा रही है। लक्ष्य 110
के सापेक्ष अभी तक करीब 22 बैंक
शाखाएं खुली हैं और उसमें भी 13 बैंक
शाखाएं बैंक आफ इंडिया ने खोली हैं, जिससे साफ तौर पर लग रहा कि बैंकों
द्वारा इस ओर उदासीनता बरती जा रही है।
इस बाबत एलडीएम पीके सिंह ने बताया
कि पिछले दिनों हुई बैंकर्स समिति की बैठक में मार्च 15 तक सभी बैंकों को
लक्ष्य के अनुसार आवंटित गांवों में बैंक शाखाएं खोलने के कड़े निर्देश दिए
गए हैं। मार्च तक शाखाएं न खुलने पर कार्रवाई होगी। उधर, बैंक आफ
इंडिया के जोनल मैनेजर एमके गुप्ता ने बताया कि बैंक द्वारा लक्ष्य 16 के
सापेक्ष 13 बैंक शाखाएं खोली जा चुकी है। चौंसार गांव सहित शेष तीन गांवों
में मार्च 15 तक बैंक शाखाएं खोल कर लक्ष्य पूरा करेंगे।