बैंड कंपनी में काम करने वाले दो युवकों को शुक्रवार रात कस्बे में तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में एक की मौत हो गई जबकि उसका साथी घायल हो गया।
कस्बे के मोहल्ला मोहिद्दीनपुर निवासी करन (18) पुत्र मिश्रीलाल शादी में रोड लाइट उठाने का काम करता था। शुक्रवार रात करन गंगारामपुर निवासी साथी नौशाद (18) पुत्र मजीद के साथ कस्बे में एक शादी से घर लौट रहा था। हाईवे पर स्थित गेस्ट हाउस के सामने हरदोई की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में करन और नौशाद गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों से घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने करन को मृत घोषित कर दिया। हालत नाजुक होने पर नौशाद को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पिता मिश्रीलाल ने बताया कि करन तीन भाइयों में बड़ा और अविवाहित था। उसकी एक बहन भी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।