कछौना। ग्राम बघौड़ा के पास शुक्रवार सुबह सूखे कुएं में नवजात बालक पड़ा मिला। उसका रोना सुनकर वहां से गुजर रही महिला ने ग्रामीणों को सूचना दी। ग्रामीणों ने बच्चे को बाहर निकाला। पुलिस ने बच्चा गांव की महिला की सुपुर्दगी में देकर चाइल्ड लाइन को जानकारी दी है। प्री मैच्योर होने पर बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बघौड़ा की कमला पत्नी लालता प्रसाद ने शुक्रवार सुबह कुएं के पास बच्चे की रोने की आवाज सुनी तो वहां जाकर देखा। कुएं में बच्चे को देख उसके होश उड़ गए, उसने परिजनों व ग्रामीणों को मौके पर बुलाया। यूपी 100 टीम भी वहां पहुंच गई। नवजात को कुएं से बाहर निकाला गया। पुलिस ने बच्चा कमला के सुपुर्द कर दिया है। कमला परिजनों के साथ बच्चे को लेकर सीएचसी कछौना पहुंची। चिकित्सक इरफान ने बताया कि बच्चा प्री मच्योर (औसत से कम माह का) है। हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने बच्चे को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। कोतवाल राय सिह ने बताया कि चाइल्ड हेल्प लाइन को सूचना दी गई है।