हरदोई। माध्यमिक अनुदानित विद्यालयों में आयोग से तैनात किए गए 12 प्रधानाचार्यों के पदभार ग्रहण पर रोक लगा दी गई हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से सभी विद्यालय प्रबंधकों व प्रधानाचार्यों को अग्रिम आदेश तक कार्यभार ग्रहण न करने के निर्देश दिए गए हैं।
माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड प्रयागराज ने अनुदानित विद्यालयों में प्रधानाचार्यों के रिक्त पदों के लिए पैनल जारी किया गया था। इसमें जनपद के 12 अनुदानित विद्यालयों में प्रधानाचार्यों की तैनाती होनी थी।
12 दिसंबर को जारी आदेश के बाद चयनित प्रधानाध्यापकों को विद्यालय में कार्यभार ग्रहण करना था। मगर इस चयन प्रक्रिया के विरोध में आवेदकों ने न्यायालय में रिट दायर कर दी। इस पर न्यायालय की ओर से स्थगन आदेश जारी कर दिया गया।
न्यायालय के आदेश पर जिला विद्यालय निरीक्षक वीके दुबे ने सभी 12 विद्यालयों के प्रबंधकों को पत्र जारी करके चयनित प्रधानाचार्य को पदभार ग्रहण न कराने के निर्देश दिए हैं।
इन विद्यालयों में हुई थी तैनाती
दयानंद इंटर कॉलेज सुरसा, पंत इंटर कॉलेज पाली, दुर्गा प्रसाद इंटर कॉलेज खसौरा, एएसवीवी इंटर कॉलेज, वेणी माधव बालिका इंटर कॉलेज, रमेश चंद्र अवस्थी इंटर कॉलेज मल्लावां, सुभाष इंटर कॉलेज जलियापुर, सुभाष उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तेरवा दहिगवां, छत्रपति शिवाजी इंटर कॉलेज हसनापुर, आदर्श इंटर कॉलेज काजीपुर खेमीपुर, राष्ट्रीय इंटर कॉलेज शाहाबाद और गंगा सागर मिश्र स्मारक कन्या उत्तर माध्यमिक विद्यालय भगवंत नगर मल्लावां शामिल हैं।
राजकीय विद्यालयों को मिले 19 प्रवक्ता
हरदोई। राजकीय विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को पूरा करने के लिए माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड प्रयागराज की ओर से प्रवक्ताओं की चयन सूची जारी की गई है। इसके तहत जनपद में गणित, जीव विज्ञान, अंग्रेजी, समाजशास्त्र आदि के 19 प्रवक्ताओं की तैनाती की गई है। इससे राजकीय विद्यालयों में शिक्षकों की कमी कुछ हद तक पूरी होगी। प्रवक्ताओं ने जनपद में ज्वाइनिंग शुरू कर दी है। (संवाद)