हरदोई। स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात चिकित्सकों व अन्य चिकित्सकों की उपस्थिति अब अस्पताल में ली गई सेल्फी से उपस्थित मानी जाएगी। अस्पताल पहुंचने और छोड़ते समय उन्हें सेल्फी विभागीय वाट्सअप ग्रुप पर भेजनी होगी।
इसके बाद ही चिकित्सकों की उपस्थिति अस्पताल में मानी जाएगी। सीएमओ की ओर से इस संबंध में सभी प्रभारियों को पत्र जारी करके निर्देशित किया गया है।
शासन की ओर से स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि अस्पताल आने वाले मरीजों को समुचित इलाज मिल सके। विभाग में लगातार शिकायतें आ रही थी कि स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सक नहीं मिलते हैं। ऐसे में मरीजों को निजी चिकित्सक के पास जाना पड़ता है।
उप स्वास्थ्य केंद्रों पर तो चिकित्सक के आने और जाने के समय को आसपास के लोग तक नहीं जानते है। इस पर शासन की ओर से उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए सेल्फी व्यवस्था शुरू की गई है।
सीएमओ डॉ. राजेश तिवारी ने सभी स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों को पत्र जारी करके निर्देशित किया है कि वह स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचने और फिर ओपीडी करने की अपनी और अन्य चिकित्सकों की सेल्फी विभागीय वाट्सअप ग्रुप पर भेजना सुनिश्चित करें। इसी के आधार पर उनकी उपस्थिति मानी जाएगी।