हरदोई/ माधौगंज। मल्लावां थाना क्षेत्र में संडीला-मल्लावां मार्ग पर सेमरी गांव के सामने दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। इनमें एक बाइक पर पीछे बैठा उन्नाव का युवक उछलकर सड़क पर गिर गया और पीछे से आ रहा ट्रैक्टर उसके ऊपर चढ़ गया।
हादसे में युवक की मौत हो गई। चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मरने वाला युवक उन्नाव जिले के रहने वाला था। इधर, माधौगंज क्षेत्र के मटियामऊ मार्ग पर भी दोनों बाइकों की आमने -सामने हुई टक्कर में एक युवक की जन चली गई।
दूसरी बाइक पर सवार युवक हादसे के बाद मौके से भाग गया। मल्लावां थाना क्षेत्र के बिखापुर गांव निवासी गया प्रसाद गांव में ही रहने वाले प्यारे लाल व ओम प्रकाश के साथ शनिवार को एक बाइक से संडीला से वापस घर जा रहे थे।
रात करीब नौ बजे संडीला-मल्लावां मार्ग पर सेमरी गांव के सामने उनकी बाइक संडीला थाना क्षेत्र के शांक गांव निवासी नरेंद्र पांडेय की बाइक से टकरा गई। इससे बाइक पर पीछे बैठा नरेंद्र का साला अरुण शुक्ला (45) उछल कर सड़क पर गिर गया।
उसी दौरान पीछे से आ रहा ट्रैक्टर उसके शरीर के ऊपर चढ़ गया। हादसे में उन्नाव जिले के बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र के अमीरपुर निवादा गांव निवासी अरुण समेत दोनों बाइकों पर सवार पांच लोग घायल हो गए।
सूचना पाकर पहुंची थाना पुलिस घायलों को अस्पताल ले गई। वहां डॉक्टर ने अरुण को मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
हादसे के वक्त अरुण अपने जीजा नरेंद्र के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए लखनऊ जा रहा था। संडीला थाना प्रभारी वेणी माधव त्रिपाठी ने बताया पोस्टमार्टम के बाद अरुण का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। तहरीर मिलने हादसे की रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
इधर, माधौगंज थाना क्षेत्र के गांव मटियामऊ मार्ग पर सरफुद्दीनपुर गांव के सामने रविवार की सुबह दो बाइकें आपस में टकरा गईं। हादसे में एक बाइक पर सवार मवइया निवासी विमलेश पाल (40) की मौत हो गई।
विमलेश की माधौगंज कस्बा में ही किराना की दुकान है। हादसे के वक्त वह बाइक से दुकान जा रहा था। गांव के सरोज पाल ने बताया कि विमलेश के परिवार में पत्नी लक्ष्मी व बेटा निशांत हैं।
पुलिस के मुताबिक हादसे के वक्त विमलेश ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। पुलिस का कहना है कि विमलेश की सिर पर चोट आने से मौत हुई है। जबकि, हादसे के बाद दूसरी बाइक वाला मौके से भाग गया।
पुलिस के मुताबिक विमलेश के परिजनों की तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।