फोटो- 35 हसैयामऊ के गन्ने के खेत में बाघ टोह लेती वन विभाग की टीम।
- फोटो : HARDOI
पिहानी। गुरुवार को पिहानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हसैयामऊ में बाघ की कांबिंग के लिए वन विभाग की टीम पहुंची। टीम के मुताबिक पंजों से ऐसा प्रतीत हो रहा है यह नर बाघ है। अब तक उसने कोई शिकार नहीं किया है। हो सकता है कि अगले दो दिन में वह कोई शिकार करे।
बुधवार सुबह हसैयामऊ गांव के हेमनाथ के खेत पर बाघ के पंजों के निशान मिले थे। जिससे हसैयामऊ समेत जरेली, खटेली, अमर नगर, बरमहुला, कुल्हावर, सिरसा आदि गांवों में खौफ का माहौल है। क्षेत्र के सीमा पर बहने वाली गोमती नदी के तट पर लोग रात में जाग कर गुजारा रहे हैं। गुरुवार को गांव पहुंची वन विभाग की टीम के रेंजर शीतल प्रसाद, वन दारोगा विजय शंकर शुक्ला, कन्हैया लाल वर्मा, वन रक्षक राहुल व विपिन ने गन्ने के खेत की घेराबंदी कर बाघ की टोह लेने का प्रयास किया।
रेंजर ने बताया कि ग्रामीणों को बाघ के हमलों से बचने के उपाय बताए गए हैं। आग आदि जलाकर खेतों पर नजर रखने को कहा गया है। अगले दिनों में बाघ द्वारा शिकार की किए जाने की आशंका के चलते लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।