बेहंदर। कासिमपुर थानाक्षेत्र के संडीला-बांगरमऊ मार्ग पर हरदलमऊ गांव के निकट ओवरटेक करते समय ऑटो ट्रैक्टर से टकरा गया। हादसे में ऑटो चालक सहित चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उन्नाव के बेहटा मुजावर थानाक्षेत्र के ग्राम जटपुर बेलथरा निवासी जोगेंद्र (32) ऑटो चालक है। बांगरमऊ से तीन सवारियां लेकर संडीला जा रहा था। रविवार सुबह करीब 10 बजे हरदलमऊ गांव के निकट ट्रैक्टर को ओवरटेक करते समय ऑटो की टक्कर हो गई। टक्कर लगने से ऑटो चालक जोगेंद्र के साथ ही सवारियों में लखनऊ के जानकीपुरम निवासी प्रियंका (30), कानपुर के रोशन नगर निवासी रेशमा (25) व सिदरा घायल हो गईं। राहगीरों की मदद से इन्हें बेहंदर सीएचसी लाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने ऑटो चालक की हालत नाजुक देख ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र सिंह ने बताया तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।