हरदोई। परिषदीय विद्यालयों में नौनिहालों को नि:शुल्क ड्रेस दिए जाने की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसके लिए शासन की ओर से पहले चरण में 14 करोड़ 45 लाख रुपये की धनराशि भेजी गई है। इससे करीब पांच लाख नौनिहालों को 15 अगस्त तक ड्रेस उपलब्ध कराई जाएगी।
जिले में 2833 प्राथमिक, 1025 जूनियर स्कूल, समाज कल्याण की ओर से संचालित छह आश्रम पद्धति विद्यालय, 44 एडेड और छह राजकीय विद्यालय हैं। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से यहां अध्ययनरत पांच लाख 31 हजार 974 नौनिहालों को दो-दो सेट नि:शुल्क ड्रेस उपलब्ध कराने के लिए शासन से धनराशि की मांग की गई थी। शासन ने चार लाख 81 हजार 794 नौनिहालों को नि:शुल्क ड्रेस के लिए पहले चरण में 75 फीसदी धनराशि यानि 14 करोड़ 45 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध करा दी है। शेष धनराशि चार लाख 81 हजार रुपये दूसरे चरण में उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला समन्वयक सामुदायिक शिक्षा राजीव मिश्रा ने बताया कि नौनिहालों को 15 अगस्त तक हर हाल में ड्रेस उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए बुधवार से विद्यालय प्रबंध समिति के खातों में धनराशि भेजने की कार्यवाही शुरू की जाएगी। बीएसए मसीहुज्जमा सिद्दीकी ने बताया कि विद्यालयों में गुणवत्तापरक ड्रेस उपलब्ध कराई जाएगी। गड़बड़ी मिलने पर जिम्मेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
49 हजार 997 नौनिहालों को ड्रेस के लिए करना होगा इंतजार
हरदोई। एपीएल श्रेणी और कस्तूरबा विद्यालयों के 47 हजार 997 नौनिहालों को ड्रेस के लिए अभी इंतजार करना होगा। शासन की ओर से इन नौनिहालों के लिए 19 लाख 99 हजार रुपये की धनराशि नहीं भेजी गई है। जिला समन्वयक सामुदायिक शिक्षा ने बताया कि शासन की ओर से धनराशि मिलने के बाद इन बच्चों को ड्रेस उपलब्ध कराई जाएगी।