हरदोई। जिले भर के 50 परिषदीय विद्यालयों में सोमवार को नौनिहालों को गरमागरम भोजन नहीं दिया गया और न ही उन्हें फल वितरित किए गए हैं। मध्याह्न भोजन प्राधिकरण की रिपोर्ट मिलने के बाद बीएसए ने नाराजगी जताते हुए इन विद्यालयों के हेडमास्टरों को कठोर चेतावनी जारी की है।
जिले के चार हजार 11 परिषदीय विद्यालयों में सोमवार को 50 विद्यालयों में नौनिहालों को गरमागरम भोजन और फल वितरित नहीं किए गए हैं। मध्याह्न भोजन प्राधिकरण के निदेशक एमडीएम सेल को भेजी रिपोर्ट में कहा गया है कि हरियावां ब्लाक के सात, बावन ब्लाक के पांच, भरखनी ब्लाक के चार, बिलग्राम ब्लाक के तीन व माधौगंज के चार परिषदीय विद्यालयों समेत 50 विद्यालयों में भोजन और फलों का वितरण नहीं हुआ है। उन्होंने जिम्मेदारों पर कार्रवाई करने के लिए भी निर्देशित किया है।
इसके बाद बीएसए मसीहुज्जमा सिद्दीकी ने खंड शिक्षाधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालयों में समय से एमडीएम बनवाना और फल वितरण कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने इन विद्यालयों के शिक्षकों को कठोर चेतावनी देते हुए विद्यालय में एमडीएम व फल वितरित कराने के निर्देश दिए हैं।