हरदोई। बेनीगंज कोतवाली अंतर्गत बेनीगंज कस्बे में लॉकडाउन के बावजूद खुली कपड़े की दुकान पर भीड़ एकत्र होने की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर दुकानदार ने परिजनों संग हमला कर दिया। घटना में बेनीगंज कोतवाली में तैनात एसआई और तीन सिपाही मामूली रूप से चुटहिल हो गए। पुलिस ने एसआई की तहरीर पर दुकानदार और उसके तीन परिजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
बेनीगंज कोतवाली में तैनात एसआई दिलीप कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शुक्रवार को वह सिपाही राकेश कुमार, अनुज कुमार और महिला सिपाही पूनम देवी के साथ ड्यूटी पर थे। इस दौरान पता चला कि कस्बा निवासी अतुल पांडेय पुत्र श्रीकांत पांडेय बाजारटोला स्थित घर के बाहर अपनी कपड़े की दुकान खोले हैं।
सूचना पर एसआई टीम के साथ गए तो मौके पर भीड़ मिली। पुलिस टीम ने अतुल पांडेय से दुकान बंद करने को कहा। इस पर अतुल आक्रोशित हो गया। आरोप है कि अतुल ने भाई अनुज पांडेय, मां गीता और पत्नी लक्ष्मी के साथ पुलिस टीम पर डंडे चलाना शुरू कर दिए। घूसों से भी पुलिस टीम पर हमला किया। टीम ने पकड़ने की कोशिश की तो घर में घुस गए और दरवाजा बंद कर लिया। कोतवाल दीपक रघुवंशी ने बताया कि तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा डालने, लॉकडाउन का उल्लंघन करने, मारपीट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। चारों पुलिस कर्मियों का मेडिकल कराए जाने की जानकारी भी कोतवाल ने दी है।