हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपामऊ कस्बे के मोहल्ला लालपीर में वारंटी को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर पथराव करने के बाद सिपाहियों पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया गया। गिरफ्तार किए गए वारंटी को भी उसके परिजनों ने पुलिस से छुड़ा लिया। घटना में एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया। पूरे मामले में गोपामऊ चौकी प्रभारी ने 19 लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। खास बात ये है कि 29 दिसंबर की रात हुई इस घटना पर पुलिस लगातार पर्दा डालती रही।
गोपामऊ चौकी प्रभारी संजय सिंह 29 दिसंबर की देर रात सिपाही अरविंद यादव, राहुल यादव, ओम प्रकाश यादव, हरविंद गिरि और मनोज कुमार के साथ सरकारी जीप से गोपामऊ कस्बे के मोहल्ला लालपीर निवासी वारंटी वशीउल्ला पुत्र अब्दुल्ला को गिरफ्तार करने गए थे। पुलिस टीम ने दरवाजे पर दस्तक दी, तो वशीउल्ला ही दरवाजा खोलने आया। इस पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। चौकी प्रभारी संजय सिंह की तहरीर के मुताबिक वशीउल्ला को गिरफ्तार कर लाते समय आरोपी के परिजनों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से पुलिस टीम पर किए गए हमले के दौरान परिजनों ने वशीउल्ला को भी छुड़ा लिया।
हमले में सिपाही मनोज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टड़ियावां ले जाया गया। पुलिस ने चौकी प्रभारी संजय सिंह की तहरीर पर अब्दुल्ला और जियाउल्ला पुत्र गण सनीउल्ला, मुन्ना उर्फ इस्लाम, समीउल्ला, आजम, रेहान पुत्र गण अब्दुल्ला, जकीउल्ला पुत्र जियाउल्ला, छोटा उर्फ इरफान, भूरा, अफरोज पुत्र गण रहीमउल्ला, शानू पुत्र बाबू, मोहम्मद मियां पुत्र इश्तियाक, इस्हाक पुत्र इस्तिहाक, जबी पत्नी वशीउल्ला, रूबीनी पत्नी समीउल्ला, केसरजहां पत्नी अब्दुल्ला, सिमी पत्नी जियाउल्ला, सफिया पुत्री जियाउल्ला, वशीउल्ला पुत्र अब्दुल्ला के विरुद्ध बलवा, मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज की है।