फोटो- 34- ताइक्वांडो की परीक्षा के बाद प्रमाण पत्र के साथ मौजूद खिलाड़ी। स्रोत: आयोजक
- ताइक्वांडो की परीक्षा में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
- आत्मरक्षा और अनुशासन का दिया परिचय
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। शहर के नघेटा रोड स्थित एसबीजीएम पब्लिक स्कूल में संचालित एलएलटी ताइक्वांडो एकेडमी की तरफ से रविवार को कलर बेल्ट प्रमोशन परीक्षा का आयोजन हुआ। इसमें एकेडमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। परीक्षा के बाद प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। इसमें करीब 90 खिलाड़ियों को कलर बेल्ट देकर सम्मानित किया गया।
एकेडमी में कलर बेल्ट प्रमोशन परीक्षा का शुभारंभ मुख्य अतिथि एडवोकेट अविनाश चंद्र गुप्ता ने किया। उन्होंने कहा कि ताइक्वांडो बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और आत्मरक्षा की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की और उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
परीक्षा के दौरान खिलाड़ियों ने ताइक्वांडो की विभिन्न तकनीकों, कौशल, अनुशासन और शारीरिक दक्षता का प्रदर्शन किया। परीक्षा का संचालन और मूल्यांकन परीक्षक कंचन यादव ने किया। परीक्षा में सफल खिलाड़ियों को उनकी योग्यता के अनुसार कलर बेल्ट और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान विशिष्ट अतिथि के रूप में विद्यालय की डायरेक्टर मीनाक्षी गुप्ता और प्रधानाचार्य विवेक दीक्षित मौजूद रहे। साथ ही जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन की अध्यक्ष डॉ. विभा सिंह, सचिव रुद्र विवेक, कोच शिवम सिंह, प्रिया कश्यप और अनुराग गुप्ता मौजूद रहे।