फोटो-36-अटल स्मृति सम्मेलन में बोलते समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण। संवाद
कछौना / टड़ियावां। जनपद के प्रभारी और प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने कहा कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन से हर किसी को प्रेरणा लेनी चाहिए। राष्ट्र प्रथम के सूत्र वाक्य पर उन्होंने पूरा जीवन गुजार दिया।
कछौना के जनता इंटर कॉलेज में अटल स्मृति सम्मेलन में असीम अरुण ने अटल जी के हरदोई से रिश्ते को याद किया। कहा कि प्रचारक जीवन में अटल जी ने संडीला और कछौना में आरएसएस को मजबूत करने के लिए नई शाखाएं शुरू की थीं।कछौना में प्रभारी मंत्री ने कहा कि देश हित के लिए कोई भी कुर्बानी देने को हर किसी को तैयार रहना चाहिए। एसआईआर को लेकर उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं के नाम छूट गए हैं, उनके नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए कार्यकर्ता विशेष प्रयास करें। अगर कोई कर्मचारी हीलाहवाली करे तो उसकी शिकायत दें, ताकि जिलाधिकारी के संज्ञान में मामला लाया जा सके।
यहां बालामऊ विधायक रामपाल वर्मा, नगर पंचायत अध्यक्ष पंकज शुक्ला, जानकी प्रसाद इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य शिवराज सिंह पटेल, प्रदेश कार्य समिति के सदस्य संचित अग्रवाल आदि ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। गोपामऊ ब्लाक परिसर में भी अटल स्मृति सम्मेलन को प्रभारी मंत्री ने संबोधित किया। यहां उन्होंने बरगद का पौधा भी लगाया। कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों से उनके विपक्षी भी प्रभावित रहते थे। यहां जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, ब्लाक प्रमुख रवि प्रकाश, जिला उपाध्यक्ष प्रीतेश दीक्षित और संदीप सिंह, जिला महामंत्री ओम वर्मा भी मौजूद रहे।
कोशिश करेंगे कि रेडियोलॉजिस्ट मिले...
भाजपा नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक में सीएमओ के अधीन कोई रेडियोलॉजिस्ट न होने का मामला फिर से उठा। इस पर प्रभारी मंत्री ने जानकारी की तो बताया गया कि मेडिकल कॉलेज में रेडियोलॉजिस्ट हैं, लेकिन उन्हें विधिक मामलों में कार्रवाई का अधिकार नहीं है। मतलब यह कि मेडिकल कराने से लेकर अन्य कार्रवाई वह नहीं कर सकते। इस पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि डिप्टी सीएम से बात करेंगे। अगर स्थाई रेडियोलॉजिस्ट नहीं मिल पा रहा तो कम से कम मेडिकल कॉलेज वाले रेडियोलॉजिस्ट काे ही मेडिकल का अधिकार दे दिया जाए। बैठक में संडीला विधायक अलका अर्कवंशी ने संडीला के उत्तर से एक रोड बाईपास की तरह बनवाए जाने की बात रखी। विधायक का कहना था कि संडीला में काफी जाम लगता है। नगर के अंदर की आबादी बहुत घनी है और सड़क संकरी हैं। इस पर असीम अरुण ने प्रस्ताव भिजवाने की बात कही।