बावन। सीएमओ से मचले पाठक के बारे में पूछ लेना...। वो बता देंगे हम कौन हैं...। इसके बाद बावन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात एक चिकित्सक से जमकर अभद्रता की।
सरकारी काम में बाधा डाली और मारपीट भी की। सीएचसी के एक कर्मचारी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। पुलिस ने डॉक्टर की तहरीर पर ग्राम प्रधान, उसके दो पुत्रों और चार-पांच अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बावन में डॉ. दिलीप यादव की तैनाती है। उनके मुताबिक शुक्रवार रात वह सीएचसी में ड्यूटी पर तैनात थे। आधी रात लगभग साढ़े 12 बजे सकरौली के प्रधान विश्वनाथ पाठक उर्फ मचले अपने दो बेटों और चार-पांच अज्ञात के साथ माया प्रकाश द्विवेदी का मेडिकल कराने के लिए सीएचसी आए थे।
डॉक्टर का आरोप है कि प्रधान और प्रधान पुत्र जबरन मेडिकल रिपोर्ट में चोटें बढ़ा-चढ़ाकर लिखवाने की कोशिश कर रहे थे। मना करने पर यह लोग उग्र हो गए और पहले सीएचसी के चौकीदार जय प्रकाश के साथ अभद्रता की। इसके बाद डॉ. दिलीप यादव के साथ भी अभद्रता की। मामले को शांत करने के उद्देश्य से डॉक्टर परिसर के ही दूसरे कक्ष में बैठ गए तो आराेपियों ने वहां भी पहुंचकर अभद्रता की।
घटना का पता चलने पर सीएचसी अधीक्षक डॉ. विनीत तिवारी मौके पर आ गए और मामला शांत कराया। घटना की तहरीर डॉ. दिलीप यादव ने लोनार कोतवाली में दी। लोनार कोतवाल आलोकमणि त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।