कछौना। नगर पंचायत कछौना में कुछ इलाके मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। इन मोहल्लों में आवागमन के लिए न तो सड़क है और न ही जल निकासी की कोई व्यवस्था। बारिश होने पर इस इलाके में आवागमन तक बाधित होगा।
नगर पंचायत के वार्ड नंबर-10 पूर्वी बाजार के अशोक नगर निवासी बाशिंदों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। मोहल्ला निवासी नीरज बताते हैं कि बारिश होने पर पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। आवागमन के लिए न तो सही सड़क है और न ही जल निकासी के नाली का इंतजाम। फिरोज बताते हैं कि बिजली का कनेक्शन लेने पर तार घर तक लाने के लिए बिजली के खंंभे नहीं मिले। निजी स्तर पर बांस बल्ली लगाकर किसी तरह तार पहुंचाए गए हैं। बसंत और मीरा बताती हैं कि कई बार इसकी शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। एक बार तो बता दिया गया कि इलाका पतसेनी देहात ग्राम सभा में आता है।
प्रस्ताव तैयार है, जल्द कराएंगे विकास कार्य
नगर पंचायत अध्यक्ष पंकज शुक्ला ने बताया कि संबंधित वार्ड की सभासद शबनम के प्रस्ताव से समस्या की जानकारी मिली थी। इस्टीमेट बनवाया जा रहा है। जल्द ही इसे मंजूर कराकर आवश्यक विकास कार्य कराए जाएंगे।