हरदोई। जिले के अलग अलग थाना क्षेत्रों में मंगलवार को हुए अग्निकांड ने करीब 186 बीघा गेहूं की फसल राख कर दी। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। राजस्व कर्मियों ने आग से हुए नुकसान का आकलन किया। पिहानी नगर से सटे पियाबाग से लगे खेतों में दोपहर तकरीबन दो बजे आग लग गई। कटाई कर रहे किसानों ने दौड़ कर बचाव कार्य शुरू कर दिया। इस बीच किसी ने फायर ब्रिगेड को भी सूचना दे दी।
आग बुझने तक कमर हुसैन की पंद्रह बीघा, सहीबुल की पंद्रह बीघा, राशिद की दस बीघा, मिज्जन की पांच बीघा, मोहम्मद शकील की दस बीघा, फिरोज की पांच बीघा गेहूं की फसल राख हो गई। इसके अलावा छुन्ना, हबीब, मजहर, फौजी, बिच्चू व हैदर आदि की भी दो से पांच- पांच बीघा गेहूं की फसल जल गई। दमकल की गाड़ी ने आसपास के खेतों को पानी से तर बतर कर दिया। तैयार फसल को लेकर किसी घर में शादी की तैयारी थी तो कोई घर बनाने के अरमान लिए बैठा था। एक पल में ही आग ने सारे अरमान खाक में मिला दिए हैं। किसानों ने सरकारी इमदाद की गुहार लगाई है।
उधर, बिलग्राम क्षेत्र के ग्राम सभा हैबतपुर में दोपहर को खेतों में अचानक आग लग गई जिससे 21 बीघा के आस पास फसल जलकर राख हो गई। तहसीलदार नंद प्रकाश मौर्या ने बताया कि क्षेत्रीय लेखपाल पियूष अस्थाना को मौके पर भेजकर आकलन कराया गया उसके मुताबिक एक दशमलव आठ हेक्टेयर फसल जली है जिसमें पप्पू, सतीश, उमाशंकर, नितिन तथा चंद्रपाल समेत पांच किसान प्रभावित हुए हैं।
इधर, माधौगंज थाना क्षेत्र के दौलतयारपुर गांव में अचानक खेत में लगी आग से मुनीश, शशिकला, विजय बहादुर, श्रीपाल, सुरेश कुमार आदि किसानों की 50 बीघा फसल जल गई। बताया जाता है कि आग लगने वाले खेतों के पड़ोस में चल रही भूसा बनाने वाली मशीन से उठी चिंगारी से आग लगी थी। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने के लिए सारे जतन किए मगर जब आग पर काबू पाने से पहले 50 बीघा फसल जल गई। उधर, इस्लामपुर गांव में श्रवण कुमार के घर में लगी अचानक आग से गृहस्थी का सामान आदि सहित घर में रखी तीन हजार की नगदी जल गई।