हरदोई। मिशन शक्ति के तहत सोमवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की 12वीं की छात्रा आंशी शुक्ला ने डीआईओएस का दायित्व संभाला। आंशी ने रजिस्टर मंगाकर कर्मचारियों को बारी-बारी से बुलाकर उनका दायित्व जाना। उन्हें अपने पटल का कार्य ईमानदारी से करने की नसीहत दी।
डीआईओएस बनीं छात्रा आंशी शुक्ला ने सबसे पहले कार्यालय के लिपिक आदित्य दीक्षित से बोर्ड परीक्षा की मूल्यांकन के बाद कॉपियों के बारे में जानकारी ली।
लिपिक ने बताया कि कोविड-19 के कारण मूल्यांकन के बाद उत्तर पुस्तिकाएं क्षेत्रीय कार्यालय को नहीं भेजी जा सकीं हैं। इन्हें 30 जनवरी तक भेज दिया जाएगा। छात्रा ने लिपिक प्रदीप कुमार से निर्वाचन की सूची भेजने और फीड कराने की जानकारी ली।
इसके बाद कर्मचारियों से कहा कि अपने-अपने पटल का कार्य ईमानदारी पूर्वक समय से करें। आंशी ने सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए कि वे समय से विद्यालय आएं। लेखाधिकारी से सभी का समय से वेतन निर्गत कराने के लिए निर्देश दिए।