हरदोई। चुनावी तैयारियों के बीच भाजपा ने महिला और किसान मोर्चा के जिलाध्यक्षों की घोषणा कर दी। दोनों मोर्चाें में चर्चा में चल रहे नामों को घोषित किया गया। अनुराधा मिश्रा को महिला मोर्चा का जिलाध्यक्ष बनाया गया है। पूर्व जिला उपाध्यक्ष संजय सिंह गुड्डू को अब किसान मोर्चा का जिलाध्यक्ष बनाया गया है। अब सबकी निगाहें भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष की घोषणा पर है। हालांकि इसको लेकर भी सब कुछ पहले से ही तय होने की चर्चा है।
भाजपा में मुख्य कमेटी के साथ ही मोर्चाें के जिलाध्यक्षों के चयन में भी कई स्तर पर चर्चा होती है। हालांकि जिले से प्रस्तावित होने वाले नामों पर ही अंतिम मुहर लगा दी जाती है। सोमवार रात किसान मोर्चा और महिला मोर्चा के जिलाध्यक्षों की घोषणा कर दी गई थी। महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष बनाई गईं अनुराधा मिश्रा पिछले लगभग छह सालों से पार्टी में सक्रिय हैं। उनके पति अविनाश मिश्रा प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के संयोजक हैं। बेटा श्रेय मिश्रा भी विद्यार्थी परिषद में सक्रिय है।
महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रहीं अलका गुप्ता को मुख्य कमेटी में जिला उपाध्यक्ष बनाए जाने के साथ ही अनुराधा मिश्रा को अध्यक्ष बनाने की अटकलें थीं। यही अटकलें सच साबित हुईं। इसी तरह किसान मोर्चा का जिलाध्यक्ष संजय सिंह गुड्डू को बनाया गया। वह पूर्व में पार्टी के जिला उपाध्यक्ष रह चुके हैं। आशा के रहने वाले संजय सिंह कई जनप्रतिनिधियों के करीबी होने के साथ ही भाजपा जिलाध्यक्ष के भी करीबी हैं। उन्हें भी एडजस्ट किए जाने की चर्चाएं पहले से ही थी।
फोटो-41--अनुराधा मिश्रा। संवाद