हरदोई। सरकारी जमीनों और संपत्तियों समेत निजी जमीनों को कब्जा मुक्त कराने व ऐसे मसलों पर जल्द कार्रवाई के लिए जिले में एंटी भूमाफिया स्क्वायड गठन कर दिया गया है। डीएम की अध्यक्षता में गठित टीम में एसडीएम, सिंचाई विभाग के अभियंता व वन विभाग के अधिकारियों को सदस्य बनाया गया है। डीएम ने सभी एसडीएम को तहसील स्तर व निकाय स्तर पर टीम गठित करने के निर्देश दिए हैं।
सूबे में सरकार बनाने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हर जिले में एंटी भू माफिया स्क्वायड बनाने का एलान किया था। शासन के निर्देश पर डीएम शुभ्रा सक्सेना की अध्यक्षता में जिला स्तरीय स्क्वायड का गठन किया गया है।
इसमें एसपी समेत एसडीएम सदर व विनयमित क्षेत्र के नियत प्राधिकारी, अधिशाषी अभियंता राष्ट्रीय जल प्रबंधन शारदा नहर, अधिशाषी अभियंता पीडब्लूडी, सभी नगर पालिकाओं के ईओ व जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी को सदस्य के तौर पर शामिल किया गया है।
एडीएम को कमेटी का संयोजक सदस्य बनाया गया है। डीएम शुभ्रा सक्सेना ने स्क्वायड के गठन के बाद सभी एसडीएम को तहसील स्तर पर ग्रामीण क्षेत्राें तथा निकाय क्षेत्रों के लिए टीम गठित करने के निर्देश दिए हैं। बताया गया है कि ग्रामीण क्षेत्र के लिए गठित की जाने वाली टीम की अध्यक्षता एसडीएम करेंगे।
इसमें सीओ, अधिशाषी अभियंता पीडब्लूडी, अधिशाषी अभियंता सिंचाई, के साथ, उप वन अधिकारी, तहसील क्षेत्र के थानेदार, जिला पंचायत के तहसील स्तरीय अधिकारियों को सदस्य बनाया जाएगा। तहसीलदार टास्क फोर्स के संयोजक सदस्य होंगे। टीम में उन विभागों के अधिकारियों को भी आमंत्रित सदस्य बनाया जाएगा, जिन विभागों की संपत्तियों पर अतिक्रमण व कब्जा कर रखा गया है।