- डीएम ने वर्चुअल माध्यम से पंचायतीराज और बीडीओ के साथ की बैठक
- शाहाबाद में क्लस्टर निर्धारण में की गई है मनमानी
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। पंचायत सचिवों को ग्राम पंचायत आवंटन के लिए बनाए गए क्लस्टर में गड़बड़ी पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने विकास खंड शाहाबाद के बीडीओ से जवाब-तलब करने के निर्देश दिए हैं। सभी बीडीओ को निर्देशित किया कि क्लस्टर बनाने और आवंटन में सही प्रक्रिया को प्रक्रिया को अपनाया जाए।
डीएम ने कलक्ट्रेट से शुक्रवार को वर्चुअल माध्यम से डीपीआरओ और बीडीओ से वार्ता की। उन्होंने पंचायत सचिवों को क्लस्टर आवंटन के लिए दिए गए प्रस्ताव में मनमानी और गड़बड़ी पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सभी बीडीओ से कहा कि क्लस्टर बनाने और आवंटन में सही प्रक्रिया को अपनाया जाए।
पंचायत सचिवों को क्लस्टर आवंटन में आबादी का ध्यान रखा जाए। किसी भी सचिव को दो से अधिक क्लस्टर न दिए जाएं। कहा कि दो क्लस्टर में इस बात का ध्यान रखा जाए कि दोनों क्लस्टर पास-पास के होने चाहिए। शाहाबाद में क्लस्टर और आवंटन में गड़बड़ी पर बीडीओ गौरव पुरोहित का जवाब-तलब किए जाने के निर्देश दिए।
डीपीआरओ को निर्देश दिए कि तीन दिन के अंदर क्लस्टर आवंटन से संबंधित प्रस्ताव तैयार कराते हुए प्रस्तुत किया जाए। एडीएम प्रियंका सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।