संडीला। कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ हरदोई मार्ग नवीन मंडी के पास शुक्रवार को शाम हुए हादसे मेें घायल दूसरे मजदूर ने भी दम तोड़ दिया। परिजनों की सूचना पर शनिवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम टिकरा दाऊदपुर निवासी रूपचंद्र (36) शुक्रवार की शाम बाइक से अपने साथी शीलू (35) के साथ फैक्टरी से मजदूरी कर बाइक से घर जा रहा था।
रास्ते में लखनऊ मार्ग पर नवीन मंडी के पास डीसीएम ने टक्कर मार दी थी। हादसे में शीलू की मौके पर मौत हो गई थी। वहीं, रूपचंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया था।
परिजन उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया था। देर रात शव लेकर आए परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया।
मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा संतान नहीं है। कोतवाल वेणीमाधव त्रिपाठी ने बताया कि परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।