फोटो 16: चीनी मिल गेट तक बिंधैया होते जाने वाला मार्ग। संवाद
हरदोई। रूपापुर चीनी मिल क्षेत्र के गन्ना किसानों को दिवाली पर एक और मार्ग की सौगात दी गई है। शासन ने गन्ना किसानों को चीनी मिल तक गन्ना आपूर्ति किए जाने के लिए एक और मार्ग के पुनर्निर्माण और चौड़ीकरण की स्वीकृति दे दी है।
शासन ने रूपापुर चीनी मिल क्षेत्र में चीनी मिल गेट से बिंधैया होते हुए मार्ग के पुनर्निर्माण और चौड़ीकरण के लिए 2,56,97,000 रुपये की वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति दी है। रूपापुर चीनी मिल को गन्ना आपूर्ति करने वाले गांवों से जुड़े किसानों को गन्ना आपूर्ति के समय आसानी के साथ ही लोगों को आवागमन में सुविधा और सहूलियत भी होगी।
शासन ने रूपापुर चीनी मिल को जोड़ने वाले बिंधैया होते हुए जाने वाले मार्ग के सभी भागों को पुनर्निर्माण और चौड़ीकरण के प्रस्ताव पर परीक्षण के बाद मंजूरी दे दी है। शासन ने लोक निर्माण विभाग के प्रस्ताव पर स्वीकृति के साथ ही काम कराए जाने के लिए 2,56,97,000 रुपये की वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति के साथ ही पहली किस्त में रुपये भी दे दिए हैं।
चीनी मिल क्षेत्र से जुड़े मार्गों को सुदृढ़ीकरण, चौड़ीकरण और पुनर्निर्माण के लिए विभाग की तरफ से भेजे गए प्रस्तावों पर शासन ने मंजूरी देनी शुरू कर दी है। शासन ने रूपापुर चीनी मिल क्षेत्र में बिंधैया-पांडेयपुर मार्ग के साथ ही अब एक और मार्ग को स्वीकृति दे दी है। शासनादेश प्राप्त हो गया है। दिवाली के बाद निविदा प्रक्रिया पूरी होते ही काम भी शुरू करा दिया जाएगा। -मनिंदर सिंह, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड-एक