मल्लावां। आसमान से बरसती आग से लोग बेहाल हैं। पेयजल की किल्लत से इंसान तो जैसे तैसे काम चला रहे हैं लेकिन पशु पक्षियों को पीने के लिए पानी नहीं मिल रहा है। क्षेत्र के तालाबों में अभी तक पानी नहीं भराया गया है। उधर, ब्लाक के अधिकारी बजट का रोना रो रहे हैं।
डीएम विवेक वार्ष्णेय ने ग्रामीण क्षेत्रों में तालाबों को भरवाने के निर्देश दिए हैं लेकिन विकास खंड के अंतर्गत बने तालाबों में अभी भी तक पानी न पहुंचने से पशु पक्षियों को पेयजल से जूझना पड़ रहा है। विकास खंड के अंतर्गत कुल 41 आदर्श तालाब बनाए गए हैं जबकि वर्तमान में ब्लाक के अंतर्गत छह ग्राम पंचायतों में मनरेगा से तालाबों को खुदवाया जा रहा है।
इस बाबत खंड विकास अधिकारी रविश चंद्र वर्मा ने बताया कि तालाबों को भरवाने के लिए उनके पास कोई बजट नहीं है, जबकि तालाबों में पानी भरवाने के लिए ग्रामीण और प्रधान अधिकारियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
नया गांव प्रधान ने पेश की नजीर
मल्लावां विकास खंड क्षेत्र के नया गांव ग्राम प्रधान ने स्वयं से तालाब भरवाकर अन्य प्रधानों के सामने एक नजीर पेश की। ग्राम पंचायत नया गांव की प्रधान कृष्णा देवी ने तालाब को पानी से भरवाया है जिससे पशु पक्षी और जानवरों की पेयजल की समस्या दूर हो गई।