एक दो माह नहीं, बल्कि पिछले चार माह से कोटे पर राशन
न मिलने के बाद भुखमरी की कगार पर पहुंचे ग्रामीणों ने गुरुवार को
कलक्ट्रेट परिसर में धरना देते हुए प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को एक
ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणोें ने डीएम से जांच कराकर कार्रवाई कराने की मांग
की।
कलक्ट्रेट परिसर में धरना देते हुए ग्राम पंचायत फू लबेहटा के
ग्रामीणों में शामिल शिवरानी और कमला ने कहा कि वह सभी अनुसूचित जाति के
गरीब व्यक्ति हैं। आरोप लगाया कि उचित दर विक्रेता द्वारा अनुचित लाभ लेकर
गरीबों को देने के लिए आया राशन कालाबाजारी कर बेंचा जा रहा है।
बताया कि
एक या दो माह नहीं, बल्कि पूरे चार माह से राशन का वितरण गरीबों को नहीं
किया जा रहा है। कोटेदार पर आरोप लगाया कि उलाहना देने पर गरीबों को जान से
मारने की धमकी तक मिल जाती हैं, जिससे ग्रामीण न सिर्फ भुखमरी की कगार पर
पहुंच गए हैं बल्कि उनको जान माल का खतरा भी बना हुआ है।
इसके अलावा
मिट्टी का तेल और चीनी आदि का वितरण तो कभी किया ही नहीं गया। इससे ग्रामीण
काफी उलझन में हैं और परिवार के भरण पोषण के लिए समस्या आ खड़ी हुई है।
इस
दौरान ग्रामीणों ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी रमेश मिश्र
को ज्ञापन सौंपकर जांच कराकर कोटेदार पर कार्रवाई कराए जाने की मांग करते
हुए गरीबों को राशन का वितरण सुनिश्चित कराने की मांग की। इस मौके पर राजेश
कुमार, अनिल कुमार, राकेश कुमार, सुनील कुमार, छोटेलाल, छोटी बिटिया, पदवनी, कमला आदि ग्रामीण मौजूद थे।