जिले में कानून व्यवस्था को पूरी तरह से ध्वस्त बताते
हुए और कई मांगों को लेकर भारतीय युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों और
कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कलक्ट्रेट परिसर में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया
तथा राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपकर कार्रवाई कराने
की मांग की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मिथलेश सिंह चौहान ने कहा कि जिले में
कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। लूट, चोरी, दुराचार की घटनाओं में इजाफा
हुआ है। आपराधिक प्रवृत्ति के लोग खुलेआम गुंडागर्दी, दहशतगर्दी कायम किए
हुए हैं। जिले के प्रमुख चौराहों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, होटलों,
कालेजों और थानों में सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं।
युकां हरदोई विस क्षेत्र
अध्यक्ष अंकुर चंदेल ने कहा कि जिले में पुलिस की अवैध वसूली से दलित युवक
ब्रह्मानंद की तालाब में डूबकर हुई मौत की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों पर
हत्या का मुकदमा दर्ज कराया जाए और उसके परिवार को दस लाख रुपये का मुआवजा
दिलवाया जाए।
प्रवक्ता राजीव सिंह ने कहा कि जिले में दलित समुदाय पर
अत्याचार बढ़ गए हैं। उनकी बहू, बेटियों के साथ दुराचार की घटनाएं हो रही
हैं। पिहानी में नाबालिग के साथ एक अगस्त की घटना की उच्चस्तरीय जांच कराई
जाए। उपाध्यक्ष सुख सागर मिश्र ने कहा कि शहरी क्षेत्र में अवैध पार्किंग
से आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
इन अवैध पार्किंग को तत्काल हटवाया
जाए और अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई की जाए। इस दौरान कांग्रेसियों ने
छह सूत्री गवर्नर को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा। इस मौके पर
अजीत सिंह चंदेल, विक्रम पांडे, देवेंद्र सिंह, आदित्य प्रताप सिंह,
रामेश्वर वर्मा आदि थे।