ओलावृष्टि से नष्ट गेहूं की फसल का मुआवजा दिलाने की
मांग को लेकर अहिरोरी विकास खंड के ग्राम अहिरी के ग्रामीणों ने ग्राम
अधिकार समिति के बैनर तले सोमवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया तथा
जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर मुआवजा शीघ्र से शीघ्र दिलाने की मांग की।
कलक्ट्रेट
परिसर में प्रदर्शन के दौरान ग्राम अधिकार समिति के प्रदेश अध्यक्ष
धर्मेंद्र कुमार गौतम ने कहा कि किसान इस बार दो वक्त की रोटी को तरस रहा
है। उन्होंने कहा कि पहले सूखे की मार ने उनको आर्थिक रूप से पूरी तरह से
तोड़ कर रख दिया। इससे भी किसान उबर नहीं पाया था कि ओलावृष्टि ने भी
किसानों की फसलों को पूरी तरह से चौपट कर दिया।
कहा कि शासन ने यदि किसानों
के दर्द को समझने के लिए मुआवजा वितरित भी किया तो वह प्रशासन किसानों तक
पहुंचा ही नहीं पा रहा और जिला प्रशासन तक ही मुआवजा सीमित होकर रह गया।
इससे किसान अपने आपको बिल्कुल असहाय समझने लगा है।
कहा कि आर्थिक तंगी
में छोटे किसान या तो फसल कर ही नहीं पा रहे और यदि कर रहे तो वह भी
महाजनों से उधार लेकर करने को मजबूर हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ग्राम
अहिरी की दशा बहुत दयनीय है। यहां के किसानों को बिल्कुल ही मुआवजा नहीं
दिया गया है। उनको तत्काल दिलाया जाए।
इस दौरान किसानों ने जोरदार नारेबाजी
भी की और जिलाधिकारी रमेश मिश्र को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर सत्य प्रकाश,
देवेंद्र, अमन, रामरतन पाल, रवि कुमार, महिपाल, फूलचंद्र, राजकुमार वर्मा,
विमल वर्मा, मोहित, लालता, असेसर, रामनारायन, अनूप मिश्रा, सुभाष, अनंतराम
और बाबूराम आदि मौजूद थे।