अतरौली में कंपोजिट विद्यालय से लगभग 50 मीटर दूर सामुदायिक शौचालय है। शुक्रवार सुबह लगभग नौ बजे कंपोजिट विद्यालय के कक्षा एक के छात्र मोहम्मद सैफ और अंश व कक्षा दो का छात्र सौरभ सामुदायिक शौचालय में गए थे। इसी दौरान केयर टेकर गोविंद ने इन तीनों को ही अंदर बंद कर दिया और बाहर से ताला डालकर चला गया।
लगभग साढ़े 11 बजे अतरौली चौराहा पर दुकान चलाने वाले श्रवण कुमार, प्रदीप, अशोक आदि सामुदायिक शौचालय के पीछे पानी भरने के लिए गए, तो एक बच्चा शौचालय के रोशनदान से हाथ निकालकर बाहर निकालने की गुहार लगा रहा था। अंदर से अन्य बच्चों की आवाजें भी आ रही थीं। इस पर दुकानदारों ने गोविंद को खोजा और फिर ताला खोलकर बच्चों को बाहर निकाला गया।
खंड विकास अधिकारी रीता सिंह ने बताया कि केयर टेकर को नोटिस जारी किया गया है। कार्रवाई के लिए भी पत्र लिखा जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक धीरज शुक्ला ने बताया कि केयर टेकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान केयर टेकर गोविंद ने बताया कि बच्चे टोटियां तोड़ देते हैं। इसलिए गुस्से में बच्चों को बंद कर दिया था।