फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hardoi News: किशोर की हत्या से आक्रोशित भीड़ ने किया हंगामा, हत्यारोपियों के बंद मकान पर किया पथराव

विज्ञापन
विज्ञापन
पाली (हरदोई)। पाली कस्बे में पांच दिन पहले हुए विवाद में बृहस्पतिवार शाम दूसरे समुदाय के आरोपियों ने किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना की जानकारी पर शुक्रवार को माहौल बिगड़ गया। मृतक को श्रद्धांजलि देने के लिए पाली के पंतवारी देवी मंदिर परिसर में एकत्र हुए युवा आक्रोशित हो गए। युवकों ने हत्यारोपियों का एनकाउंटर करने और बुलडोजर से घर गिराने की मांग पकड़ ली।
विज्ञापन



कस्बे की सभी दुकानें बंद रहीं। इसी दौरान कस्बे में निकले युवकों ने आरोपी के घर समेत घटनास्थल पर भी पथराव किया। एसपी के मौके पर पहुंचने के बाद स्थिति काबू में आई। पूरे मामले में तीन किशोरों के खिलाफ हत्या और मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। शव का अंतिम संस्कार शुक्रवार शाम फर्रुखाबाद जनपद के पांचाल घाट पर गंगा किनारे किया गया। पूरे पाली कस्बे में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पाली थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर निवासी संजय सिंह के पुत्र युवराज सिंह (17) की बृहस्पतिवार शाम पाली कस्बे के मोहल्ला बिरहाना में निर्माणाधीन चौकी के पास तमंचे से गोली मार दी गई थी। जिला अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया था। घटना को लेकर देर रात मृतक के ताऊ महेंद्र सिंह ने पाली कस्बा निवासी तीन किशोरों के खिलाफ मारपीट और हत्या की तहरीर पुलिस को दी थी। पुलिस ने तीनों किशोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी।
विज्ञापन


उधर, दूसरी ओर घटना को लेकर इलाकाई युवकों में आक्रोश व्याप्त हो गया। बृहस्पतिवार देर रात से ही युवराज की हत्या करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की आवाज उठाने लगे। शुक्रवार सुबह लगभग 250 युवक पाली के पंतवारी देवी मंदिर परिसर में एकत्र हुए। यहां युवराज की तस्वीर के साथ उसे श्रद्धांजलि देने के बाद थाने के बाहर पुलिस और आरोपियों के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने युवकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित युवाओं ने नहीं सुनी।



इसके बाद बाजार में आरोपी के घर पर ताला पड़ा होने के बाद भी भीड़ ने पथराव किया। रास्ते में पड़ी मिली बेंच और कुर्सियां भी तोड़ दीं। घटनास्थल पहुंची भीड़ ने मोहम्मद वली अहमद की कार पर पथराव कर दिया। एक बाइक भी तोड़ दी। पुलिस ने यहां भीड़ को समझाकर वापस पंतवारी देवी मंदिर परिसर भेजा। इसी बीच एसपी केसी गोस्वामी, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह, सीओ शाहाबाद अनुज मिश्रा मौके पर पहुंच गए। एसपी ने आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब मामला शांत हुआ। दोपहर बाद लगभग तीन बजे पोस्टमार्टम के बाद शव इस्माइलपुर गांव लाया गया। यहां एक बार फिर आरोपियों का एनकाउंटर किए जाने की मांग उठी। किसी तरह पुलिस ने समझा-बुझाकर शव को अंतिम संस्कार के लिए भेजा। फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर युवराज का अंतिम संस्कार किया गया।

ताऊ की तहरीर पर तीन किशोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। तमंचा कहां से खरीदा गया इसकी भी जांच की जा रही है। हत्यारोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हर हाल में होगी। -केसी गोस्वामी, एसपी
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें