हरदोई। केंद्र सरकार पर तीन गुना जीएसटी वसूलने सहित तमाम नियमों को लागू करने पर जनपद के व्यापारियों का गुस्सा शनिवार को फूट पड़ा। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के व्यापारियों ने कलेक्ट्रेट में सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर मांग पत्र सौंपा। व्यापारियों ने मांगों का निस्तारण न होने पर राजभवन के घेराव की चेतावनी दी।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह गौर ने कहा कि व्यापारियों से तीन गुना जीएसटी वसूलने के साथ सट्टा व वायदा बाजार, आन लाइन ट्रेडिंग, दो लाख रुपये की खरीद व बिक्री पर पैन कार्ड की अनिवार्यता, खुदरा में एकल ब्रांच, विदेशी निवेश की अनुमति दिए जाने का फैसला केंद्र सरकार ने लागू कर व्यापारियों की कमर तोड़ने का प्रयास किया है।
व्यापारी 36 प्रकार के टैक्स देते हैं, बावजूद इसके उन्हें परेशान किया जा रहा है। कहा कि राज्य सरकार भी व्यापारियों पर कई टैक्स लाद रही है। ऐसे में यदि तीन गुने जीएसटी व वायदा बाजार को समाप्त करने व आन लाइन ट्रेडिंग बंद नहीं किया गया तो 30 मार्च को लखनऊ में राजभवन का घेराव किया जाएगा। व्यापारियों ने नगर मजिस्ट्रेट जितेंद्र मोहन को ज्ञापन सौंपा है।
इस मौके पर अब्बाद हुसैन, शिव सेवक गुप्ता, मनीष सिंह चौहान, हरी प्रताप सिंह, अशोक गुप्ता, सुरेंद्र रस्तोगी, संजीव सिंह डिंपल सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।