हरदोई। पिहानी कोतवाली क्षेत्र में कनगोइया गांव के पास बाइक सवार दंपती को दूसरी बाइक ने टक्कर मार दी। घटना में आंगनबाड़ी सहायिका की मौत हो गई, जबकि पति घायल हो गए। पति को मेडिकल कॉलेज से हायर सेंटर रेफर किया गया है। दंपती की बाइक में टक्कर मारने वाले के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
कनगोइया निवासी मंजू देवी (46) चठिया बुजुर्ग में आंगनबाड़ी सहायिका के पद पर तैनात थीं। मंगलवार को ड्यूटी के बाद वह पति अरुण कुमार के साथ बाइक से अपने गांव कनगोइया जा रहीं थीं। घर से महज 100 कदम पहले पीछे से आए तेज रफ्तार बाइक सवार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दंपती सिर के बल गिरकर गंभीर रूप से घायल होगए। स्थानीय लोगों की मदद से परिजनों ने दंपती को पिहानी सीएचसी पहुंचाया। यहां से दोनों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
मेडिकल कॉलेज में मंजू देवी की मौत हो गई। उनके पति अरुण को हायर सेंटर रेफर किया गया है। मृतका के परिवार में पति और तीन बेटियां हैं। घटना का पता चलने पर बेटियां खुशबू, सुगंधा और गौरी बदहवास हो गईं। शहर कोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पिहानी कोतवाल एसएन सिंह ने बताया कि बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। बाइक भी पुलिस के कब्जे में है।