बेहंदर। मौरंग लदी ट्रैक्टर ट्रॉली ने कासिमपुर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे बैठे बुजुर्ग को कुचल दिया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसा मंगलवार दोपहर संडीला-मल्लावां मार्ग पर गौरी खालसा के पास हुआ। चालक ट्रैक्टर ट्रॉली मौके पर छोड़कर भाग निकला।
कछौना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खजोहना निवासी लइक उर्फ मुन्ने (65) खेती करते थे। पत्नी महजबी के मुताबिक लइक बीमार चल रहे थे। उनके गांव से कासिमपुर थाना क्षेत्र का गौरी खालसा गांव डेढ़ किलोमीटर दूर है। मंगलवार सुबह लइक गौरी खालसा स्थित सरकारी अस्पताल से दवा लेने गए थे। दवा लेकर वह घर जाने के लिए वाहन के इंतजार में संडीला-मल्लावां मार्ग पर सड़क किनारे बैठ गए। इस दौरान गौसगंज की तरफ से आई मौरंग लदी ट्रैक्टर ट्रॉली ने उन्हें कुचल दिया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी परिजन और पुलिस को दी। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष घनश्याम राम ने बताया कि ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में लिया गया है। शव का पंचनामा भरवाया गया है। परिजनों से शिकायत लेकर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।