सवायजपुर। बीती पांच फरवरी को सड़क हादसे में घायल युवक की मंगलवार सुबह लखनऊ से गांव लाते समय मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसा पांच फरवरी को उन्नाव-कटरा मार्ग पर कोतवाली क्षेत्र के दुलारपुर के पास हुआ था।
कोतवाली क्षेत्र के सदुल्लापुर निवासी नवीन कुमार (21) खेती करते थे। पिता रक्षपाल ने बताया कि नवीन की शादी मिर्जापुर जनपद व थाना क्षेत्र के मौजमपुर निवासी बसंत की पुत्री से तय थी। छह फरवरी को नवीन की गोद भराई का कार्यक्रम था। कोतवाली क्षेत्र के संतोषापुरवा में नवीन की बुआ रहतीं हैं। पांच फरवरी की दोपहर नवीन बुआ को लेने के लिए बाइक से जा रहे थे। इस दौरान उन्नाव-कटरा मार्ग पर कोतवाली क्षेत्र के दुलारपुर के पास वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। परिजन उनको बावन सीएचसी फिर मेडिकल कॉलेज लाए। चिकित्सक ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया था। वहां उनका इलाज चल रहा था। हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सक ने सोमवार की रात जवाब दे दिया। मंगलवार की सुबह परिजन नवीन को गांव ला रहे थे। इस दौरान नवीन ने दम तोड़ दिया। परिजन शव लेकर गांव ले गए। पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा भरवाया गया है।