हरदोई। बिलग्राम-हरदोई मार्ग पर शुक्रवार को सेमरा पुलिस चौकी के सामने निजी बस ने सड़क पार कर रहे बुजुर्ग को टक्कर मार दी। इससे उनकी मौत हो गई।
सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम हुसियापुर के मजरा मंझिला निवासी हरिश्चंद्र (68) किराना की दुकान चलाते थे। शुक्रवार सुबह वह दुकान का सामान लेने के लिए सेमरा चौराहा स्थित बाजार गए थे। उन्होंने थोक की परचून की दुकान से सामान लिया। सामान को गमछे में रखकर बांध लिया।
इसके बाद सड़क पार करने लगे। तभी बिलग्राम-हरदोई मार्ग पर सेमरा चौकी के सामने निजी बस ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे वह सिर के बल सड़क पर गिर गए। उन्हें गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने एंबुलेंस से उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं मौके से बस छोड़कर चालक भाग गया।