फोटो-22- संडीला सीएचसी में एंबुलेंस के साथ खड़े 102 ईएमटी व चालक। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। सेवा प्रदाता कंपनी पर अन्य कार्यों के फर्जी बिल एंबुलेंस के नाम से काटे जाने के आरोप सहित पांच सूत्री मांगों को लेकर दो दिन से हड़ताल पर चल रहे एंबुलेंस कर्मियों ने रविवार रात से 102 एंबुलेंस सेवा का संचालन बंद कर दिया। सोमवार को जिले भर में 102 सेवा की एंबुलेंस स्वास्थ्य केंद्रों पर ही खड़ी रहीं।
सोमवार को तीसरे दिन महिला अस्पताल में आयोजित प्रदर्शन की अध्यक्षता करते हुए जीवन दायिनी स्वास्थ्य विभाग 102-108 एंबुलेंस कर्मचारी संघ हरदोई के जिलाध्यक्ष सलिल अवस्थी ने कहा कि सेवा प्रदाता कंपनी जीवीके ईएमआरआई प्राइवेट लिमिटेड लखनऊ द्वारा कराए जा रहे अन्य कार्यों में एंबुलेंस के नाम पर फर्जी बिलिंग की जा रही है। इसकी जांच कराई जाए। नवनियुक्त ईएमटी पद के कर्मियों को नियुक्ति तिथि से पूर्ण मानदेय दिया जाए। सभी कर्मियों को माह के पहले सप्ताह में मानदेय दिया जाए। पूर्व में की गईं कटौतियों का भुगतान अविलंब किया जाए। जिलाध्यक्ष सलिल अवस्थी ने कहा कि ओवरटाइम करने वाले कर्मियों को नियमानुसार भुगतान किया जाए। पदाधिकारियों ने अन्य कई समस्याओं पर चर्चा कर उनके निस्तारण की मांग की। इस मौके पर एंबुलेंस कर्मी मौजूद रहे।
संडीला। जीवन दायिनी स्वास्थ्य विभाग 102-108 व एएलएस एंबुलेंस कर्मचारी संघ के बैनर तले सोमवार को तीसरे दिन भी एंबुलेंस कर्मचारी हड़ताल पर रहे। कर्मियों ने संगठन मंत्री सुनील मिश्रा की अगुवाई में सीएचसी में विरोध प्रदर्शन किया। सुनील मिश्रा ने बताया कि रविवार रात से 102 एंबुलेंस सेवा का संचालन बंद कर दिया गया है, जबकि 108 एंबुलेंस सेवा का संचालन जारी है। गर्भवती महिलाओं को 108 एंबुलेंस सेवा के जरिए मदद दी जा रही है। कहा कि अगर जल्द ही संगठन की मांगें नहीं मानी गईं तो कर्मचारी 108 सेवा का संचालन भी बंद कर देंगे। इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष सुनील मौर्य, संतोष कुमार, नितिन सिंह, पिंटू यादव व अनुज यादव आदि मौजूद रहे।
ोटो-23- महिला चिकित्सालय में विरोध जताते 102 एंबुलेंस चालक ईएमटी। संवाद- फोटो : HARDOI