हरदोई। अपर आयुक्त वाणिज्य कर/मतगणना प्रेक्षक भगेलू राम शास्त्री ने कहा कि 13 दिसंबर को होने वाली मतगणना निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से कराई जाए। मतगणना अभिकर्ताओं की नियुक्ति में सावधानी बरतें। मतदान के बाद विजय जुलूस कतई न निकलने दिया जाए। वह कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
प्रेक्षक ने कहा कि पूर्व एवं वर्तमान एमपी, एमएलए, एमएलसी, मंत्री, ब्लाक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य एवं अन्य संवैधानिक पद धारक व्यक्ति एवं सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति को मतगणना अभिकर्ता न बनाया जाए और अनाधिकृत एवं अराजकतत्वों को मतगणना परिसर में प्रवेश न दिया जाए।
उन्होंने कहा कि किसी सरकारी कर्मचारी को अभिकर्ता न बनाया जाए और यदि कोई सरकारी कर्मचारी तथ्य छिपाकर अभिकर्ता बन जाता है तो संज्ञान में लेकर उसके खिलाफ कर्मचारी आचरण नियमावली के तहत कार्रवाई की जाए। मतगणना का कार्य नियत समय पर आरंभ हो और सभी कार्मिक समय से मतगणना स्थल पर पहुंच जाए। सभी अधिकारी कर्मचारी अपने कर्तव्यों का पालन करें।
गणना मजिस्ट्रेट भ्रमण करते रहे। जीतने के बाद किसी को विजयी जुलूस निकालने की इजाजत नहीं है। उन्होंने निर्देश दिए कि मतगणना मेज और अभिकर्ताओं के बीच मजबूत बैरीकेटिंग कराई जाए और निर्देश दिए कि मतगणना मेज और अभिकर्ताओं के बीच मजबूत बैरीकेटिंग कराई जाए और जाली की ऊंचाई छह फीट रखी जाए। जिलाधिकारी रमेश मिश्र ने गणना मजिस्ट्रेटों, आरओ तथा अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रेक्षक द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन किया जाए। किसी भी राजनैतिक प्रभाव में आए बिना कार्य किया जाए और शांतिपूर्ण मतगणना कराई जाए। अपर जिलाधिकारी लक्ष्मी शंकर सिंह ने बताया कि निर्विरोध निर्वाचित प्रत्याशियों के प्रमाणपत्रों को तैयार करवा लिया गया है। गणना आरंभ होते ही इनका वितरण करा दिया जाए। मतगणना से संबंधित आवश्यक प्रपत्र सभी आरओ को उपलब्ध करा दिए गए हैं।
मतगणना की वीडियोग्राफी भी कराई जाए। इस मौके पर उप जिलाधिकारी सदर पप्पू गुप्ता, उप जिलाधिकारी संडीला अशोक सिंह, उप जिलाधिकारी बिलग्राम पीपी तिवारी, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट पीसी लाल श्रीवास्तव, जिला विकास अधिकारी उग्रसेन यादव, परियोजना निदेशक डीसीएनआरएलएम राजेश कुमार त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।