हरदोई। चैत्र नवरात्र के अंतिम दिन शुक्रवार को मां सिद्धिदात्री के पूजन के बाद भंडारों में भक्तों ने प्रसाद छका। मंदिरों और घरों में कन्याओं को भोज कराया गया। कई स्थानों पर जागरण इत्यादि कार्यक्रमों का भी आयोजन हुआ। शास्त्री उमाकांत अवस्थी के अनुसार मां भवानी की नौवीं शक्ति का स्वरूप सिद्धिदात्री मां हैं।
मां की आराधना करने से सभी का कल्याण होता है और दीन दुखियों के कष्ट दूर होते हैं। नवमी को मंदिरों में सुबह से ही पूजा अर्चना के साथ भंडारों एवं कन्या भोज के आयोजनों का सिलसिला शुरू हो गया था। भक्तों ने घरों पर कन्या भोज का आयोजन किया। इधर, मोहल्ला सरायथोक पश्चिमी में बाला जी धर्मार्थ सेवा समिति के तत्वावधान में भंडारा हुआ। इस मौके पर श्रीष चंद्र पाठक, प्रदीप पाठक, राजेंद्र कश्यप, केके दीक्षित, पंकज अवस्थी, योगेश श्रीवास्तव, रामजी मिश्रा, अमित वाजपेयी, धीरेंद्र मिश्रा, अमित त्रिवेदी, जितेंद्र श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
उधर, राम नवमी पर शहर के लखनऊ रोड पर नवीन गल्ला मंडी के निकट स्थित श्रीराम जानकी मंदिर को सजाया गया। भगवान श्रीराम तथा माता सीता एवं लक्ष्मण जी व हनुमान जी के सामने भक्तों ने मत्था टेक कर सुख समृद्धि की कामना की। प्रमुख यजमानों में राइस मिलर्स अध्यक्ष राकेश अग्रवाल, नगर पालिका अध्यक्ष मीना अग्रवाल व पूर्व चेयरमैन उमेश अग्रवाल मौजूद रहे तो पूजन आदि का कार्यक्रम शास्त्री मैथलीशरण ने कराया।
पिहानी संवाददाता के अनुसार, मंदिरों पर दिन भर देवी के दर्शन को श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। यहां के गायत्री प्रज्ञा पीठ, भूरेश्वर मंदिर, इच्छापूर्णी मंदिर, दानेश्वर मंदिर, मंशानाथ, शीतला देवी व सिंह वाहिनी आदि मंदिरों पर भीड़ रही। इस क्रम में गायत्री प्रज्ञा पीठ पर चौबीस हजार गायत्री मंत्रों के जाप का अनुष्ठान पूरा हुआ।