फोटो-28-परिजनों को समझाते सीओ और कोतवाल। स्रोत: ग्रामीण
कछौना। बेरुआ निवासी युवक की सोमवार रात मेडिकल कॉलेज में मौत होने के बाद बुधवार सुबह घर के बाहर शव रखकर परिजनों ने प्रदर्शन किया। जहर देकर मारने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने कार्रवाई की मांग की। सीओ और कोतवाल के कार्रवाई के आश्वास के बाद परिजन अंतिम संस्कार करने के लिए राजी हुए।
बेरुआ निवासी भाई मनोज के मुताबिक, गुरुदीन गांव निवासी मनोज के यहां 15 सालों से बोरिंग के काम के साथ अन्य काम भी संभालते थे। सोमवार सुबह वह मनोज के यहां काम करने के लिए गए थे। शाम को बेहोशी की हालत में दो व्यक्ति उन्हें घर छोड़ गए थे। परिजन उनको सीएचसी कोथावां फिर मेडिकल कॉलेज लाए। यहां सोमवार रात उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
मंगलवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा। बुधवार सुबह परिजन घर के बाहर शव रखकर कार्रवाई की मांग करने लगे। मनोज ने आरोप लगाया कि गुरुदीन को जहर देकर मारा गया है। मौके पर सीओ प्रवीण कुमार यादव और कोतवाल प्रेम सागर सिंह पहुंचे। सीओ ने परिजनों को समझाते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शव का अंतिम संस्कार करने के लिए राजी हुए।