गांव पिलखुनी में बच्चों सहित महिला के जहरीला पदार्थ पीकर जान देने के मामले में पुलिस ने तीन माह के मासूम के शव को जमीन से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। 23 अप्रैल को गांव में यह घटना घटी थी।
गांव निवासी कन्हैया की शराब पीने की लत से परेशान उसकी पत्नी आरती (35) ने अपने दो बच्चों अमन (3 माह) और पवन (3 वर्ष) को दूध में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया था। खुद भी जहरीला पदार्थ पी लिया था। इससे अमन की उसी दिन मौत हो गई थी। पवन ने इलाज के दौरान दूसरे दिन और उसके बाद अनीता ने भी दम तोड़ दिया था।
मृतका के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने अनीता और पवन के शव का पोस्टमार्टम करा दिया था, जबकि अमन का शव परिवार वालों ने दफना दिया था, इसलिए पोस्टमार्टम नहीं हो सका था। कोतवाली प्रभारी रीतेश कुमार के अनुसार विवेचना में अमन के शव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट की जरूरत पड़ी। इस पर डीएम के आदेश से एसडीएम और सीओ की मौजूदगी में शुक्रवार को जमीन से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस मामले में कन्हैया अदालत के आदेश पर जेल में है।